🔳सड़क तक पहुंची आग की लपटों से मचा हड़कंप
🔳वाहन चालकों ने जान जोखिम में डाल की आवाजाही
🔳लगातार बढ़ रही आग की घटनाएं रोकने में वन विभाग नाकाम
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जंगलों के आग से धधकने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। जंगलों की आग सड़कों तक पहुंचने से दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ गया है। समीपवर्ती भुजान व बमस्यूं क्षेत्र में स्टेट हाइवे तक पहुंची आग से हड़कंप मच गया। वाहन चालक जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो गए। एक के बाद जंगलों में आग के तांडव के बावजूद वन विभाग की सुस्ती किसी बड़ी घटना की ओर इशारा कर रही है।
जंगलों में धधक रही आग पर मुख्य सड़कों की ओर रुख करने लगी है। मंगलवार को रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे पर समीपवर्ती भुजान क्षेत्र में कोसी नदी से सटी पहाड़ी से आग की लपटें स्टेट हाइवे तक पहुंच गई। वहीं बमस्यूं क्षेत्र में बलाड़ की धार क्षेत्र में आग ने स्टेट हाइवे को नीचे तथा उपर की ओर से घेर लिया। स्टेट हाइवे के दोनों ओर आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रुप ले लिया। धुएं के गुबार से आवाजाही भी थम गई। आग की तपिश कम होने के बाद आवाजाही कर रहे यात्री वाहनों के चालकों ने जान जोखिम में डाल बामुश्किल आवाजाही की। लगातार आग की घटनाएं तेज होने के बावजूद वन विभाग के ठोस कदम न उठाए जाने से वाहन चालकों ने गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की वन संपदा राख होती जा रही है। जंगलों के बाद अब सड़कों तक आग पहुंचने लगी है बावजूद वन विभाग सुध नहीं ले रहा। कभी भी बड़ी घटना का अंदेशा भी जताया। क्षेत्रवासियों ने आग को काबू किए जाने को ठोस उपाय किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




