🔳चार करोड़ रुपये की लागत से पंप बदलने, टैंक निर्माण व पाइप लाइन बदलने का होना है काम
🔳ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष ने कछुआ गति से कार्य करने का लगाया आरोप
🔳समुचित पेयजल आपूर्ति न होने से जताई नाराजगी
🔳सहायक अभियंता ने किया तय समय पर कार्य पूरा करने का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने वाले महत्वाकांक्षी रिची – थापल पंपिग पेयजल योजना का कार्य कछुवा गति से किए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई है। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष मनोज पडलिया ने आरोप लगाया है की समुचित बजट होने के बावजूद कार्य में तेजी नहीं लाई जा रही। चेतावनी दी है की यदि कार्य में लापरवाह रवैया अपनाया गया तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
दरअसल महत्वाकांक्षी रिची थापल पंपिग पेयजल योजना से बेतालघाट ब्लॉक के तीन दर्जन से भी ज्यादा गांवों के बाशिंदे लाभान्वित होते हैं। कुछ समय पूर्व पेयजल आपूर्ति लड़खड़ाने से लोग काफि परेशान रहे। ग्रामीणों का पारा चढ़ा तो प्रशासन व जल निगम के अधिकारियों ने जल्द व्यवस्था में सुधार का भरोसा भी दिलाया पर अब एक बार फिर गांवों के बाशिंदों के आगे पेयजल संकट बड़ी समस्या बन चुका है। समुचित पेयजल उपलब्ध न होने से लोग परेशान है वहीं लगभग चार करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से योजना में किए जा रहे कार्य में लापरवाही का आरोप भी लगने लगा है। ग्राम प्रधान संगठन बेतालघाट के अध्यक्ष मनोज पडलिया के अनुसार भारी भरकम बजट होने के बावजूद योजना का कार्य कछुवा गति से किया जा रहा है। योजना के चार पंप बदलने में भी सुस्ती बरती जा रही है। कार्यों में हीलाहवाली का खामियाजा गांवों के बाशिंदों को भुगतना पड़ रहा है। चेताया है की यदि जल्द कार्य पूरा नहीं किया गया तो फिर पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। जल निगम रामनगर के सहायक अभियंता आरएस पंवार के अनुसार पंप बदलने के साथ ही आपूर्ति भी सुचारु रखनी है ऐसे में बेहद गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। जल्द कार्य पूरा कर लिया जाएगा।




