🔳खुद के सहयोग से शुरु किया कक्षा कक्ष का दरवाजा बदलने व फर्श की मरम्मत का कार्य
🔳लंबे समय से मांग उठाए जाने के बावजूद सुनवाई न होने पर उठाया कदम
🔳गांव का मतदान केंद्र होने के बावजूद सुध न लेने पर ग्रामीणों में नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे सुनियाकोट गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के जर्जर हालत में पहुंच चुके दरवाजे व खस्ताहाल फर्श की जब शिक्षा विभाग अधिकारियों ने सुध नहीं ली तो गांव के लोगों ने खुद के सहयोग से मरम्मत का बीड़ा उठाया। स्थानीय लोगों ने विद्यालय का मुख्य दरवाजा बदलने के साथ ही फर्श की मरम्मत का कार्य शुरु कर दिया है। स्थानीय राजेंद्र सिंह परिहार के अनुसार विद्यालय लोकसभा चुनाव का बूथ भी है पर उसके बाद भी जिम्मेदार सुध लेने को तैयार नहीं है।
दरअसल हाईवे से सटे सुनियाकोट गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बदहाल हालत में पहुंच चुका है। कक्षा कक्षो को जाने वाला मुख्य दरवाजा वह कक्षा कक्षा का फर्श भी क्षतिग्रस्त हो चुका हैं। विद्यालय में ही गांव का मतदान केंद्र भी है। विद्यालय के बदहाल होने के बावजूद विद्यालय की सुध नहीं ली जा रही है। जबकि विद्यालय में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है। ऐसे में सोमवार को गांव के राजेंद्र सिंह परिहार, देव सिंह, हीरा सिंह, राम सिंह, आशा देवी, गंगा देवी, गोपाल सिंह, चंदन सिंह, देव सिंह, लक्ष्मण सिंह, कमला देवी आदि ने खुद की सहयोग की धनराशि से दरवाजा बदलने का काम शुरू करवा दिया साथ ही फर्श की मरम्मत का कार्य भी शुरु करवा दिया। राजेंद्र सिंह परिहार के अनुसार कई बार विद्यालय परिसर की मरम्मत को आवाज उठाए जाने की बावजूद सुनवाई न होने पर आखिरकार खुद के सहयोग से कार्य करने का निर्णय लिया गया है। लोकसभा चुनाव का मतदान केंद्र होने के बावजूद विद्यालय की उपेक्षा किया जाना निंदनीय है। अन्य गांव के बाशिंदों ने सुनियाकोट गांव के लोगों के कार्यों की सराहना की है।




