🔳पुलिस को चुनौती दे लोहे के पाइप काटकर लगाए ठिकाने
🔳मुख्य सड़क पर दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास
🔳घटना से गांवों में हड़कंप, दहशत में आए क्षेत्रवासी
🔳ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई कर खुलासा किए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में चोर गिरोह ने एक बार फिर सक्रियता बढ़ा दी है। चोरों के निशाने पर अब सरकारी संपत्तियां भी आने लगी है। चोरों ने घिरौली गांव की सिंचाई योजना के पाइप ही काट डाले वहीं रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर स्थित दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया हालांकि सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
नगरीय क्षेत्रों के साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में चोरों ने घुसपैठ तेज कर दी है। चोर गिरोह के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं की अब सरकारी परिसंपत्ति भी उनके निशाने पर आ चुकी है। घिरौली गांव के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने को वर्षों पूर्व बनी सिंचाई योजना के लोहे के पाइप ही चोरों ने मशीन के जरिए काट ठिकाने लगा दिए। सुबह जब गांव के लोग खेतों की और से गुजरे तो पाइप कटे देख सख्ते में आ गए। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं चोरों ने मुख्य सड़क पर एक दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया। ताले पर ताबड़तोड़ प्रहार किए गए पर सफलता न मिलने पर चोर मौके से फरार हो गए। सुबह दुकानदार जब दुकान पहुंचा तो ताले की स्थिति देख सन्न रह गया। घटना की सूचना पुलिस को भी भेज दी गई है। स्थानीय नवीन चंद्र आर्या के अनुसार चोर गिरोह एक के बाद एक घटना को अंजाम दे रहे हैं। जिससे गांव के बाशिंदों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई कर घटना का खुलासा किए जाने तथा चोर गिरोह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




