🔳सीएम पोर्टल पर मामला दर्ज, जांच कर कार्रवाई की मांग
🔳मुनाफे के फेर में जनहित से किया जा रहा खिलवाड़
🔳भविष्य में भारी भूस्खलन का जताया अंदेशा
🔳डोलकोट – सिमराड़ – पांगकटारा मोटर मार्ग का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
चौड़ीकरण के नाम पर पहाड़ी में बेतरतीब ढंग से खदान कर दिए जाने से भविष्य में पहाड़ी से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। धनियाकोट निवासी कांग्रेसी नेता ने मामले को मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में दर्ज करा कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया है की मुनाफे के फेर में मोटर मार्ग से सटी पहाड़ी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले डोलकोट – सिमराड़ – पांगकटारा मोटर मार्ग के चौड़ीकरण, डामरीकरण व सुरक्षात्मक कार्यों के लिए सरकार ने 4.21 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी दी है। बजट अवमुक्त होने के साथ ही कार्य भी शुरु हो चुके हैं। कार्य शुरु होने के साथ ही अनियमितता भी सामने आने लगी है ग्रामीणों का आरोप है की चौड़ीकरण के नाम मोटर मार्ग से सटी अतिसंवेदनशील पहाड़ी को बेतरतीब ढंग से तहस नहस किया जा रहा है। पत्थरों के लालच में पहाड़ी को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है जिससे भविष्य में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है। मुनाफे के फेर में जनहित से खिलवाड़ किया जा रहा है। धनियकोट निवासी कांग्रेसी नेता कृपाल सिंह मेहरा ने मामले को मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज करा कार्रवाई की मांग उठा दी है। बताया है की समुचित बजट उपलब्ध होने के बावजूद पत्थरों के लालच में मोटर मार्ग से सटी पहाड़ी को लोडर मशीन से भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी से भविष्य में खतरा बढ़ने की आशंका भी जताई है। कहा है की तमाम गांवों के बाशिंदे इस मार्ग से आवाजाही करते हैं पर चौड़ीकरण के नाम पर मानकों के उलट खदान कर जनहित से खिलवाड़ किया जा रहा है। कृपाल सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई है। कार्यदाई संस्था पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता अभिषेक सैनी के अनुसार 4.21 करोड़ रुपये की लागत से लगभग पांच किलोमीटर दायरे में कार्य गतिमान है। मोटर मार्ग से सटी पहाड़ी की हल्की कटिंग की जानी है। जल्द निरीक्षण किया जाएगा यदि मानक के उलट पहाड़ी कटान किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।




