🔳डेढ़ घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित उतारा गया नीचे
🔳एसडीआरएफ की टीम ने चौकी पुलिस कैंची के किया सुपुर्द
🔳गार्गी गुफा से लौटते वक्त हो गया था लापता
🔳साधु के लापता होने से पूरे क्षेत्र में मच गया था हड़कंप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे जंगल में लापता साधु को आखिरकार एसडीआरएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने बारह घंटे तक चलाए गए विशेष सर्च अभियान के बाद ढूंढ़ निकाला। साधु को करीब डेढ़ घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद तीखी चट्टान से सुरक्षित उतारा जा सका। संयुक्त टीम ने साधु को पथरीले रास्ते पार कर चौकी पुलिस कैंची के सुपुर्द कर दिया। एसडीआरएफ प्रभारी राम सिंह के अनुसार साधु रास्ता भटकने से तीखी चट्टान में फंस गया।
बीते शुक्रवार को छोई, रामनगर स्थित देवी मंदिर से सात सदस्यीय साधुओं का दल हाइवे से सटी पहाड़ी पर स्थित झंडी धार मंदिर व गार्गी गुफा के दर्शन को क्षेत्र में पहुंचे। दर्शन के बाद वापसी में मदारा गांव, थाना गिलौला, श्रावस्ती निवासी रक्षा दास अपने अन्य साथियों से बिछुड़ गया। रास्ता भटकने से वह तीखी चट्टान में फंस गया। रक्षा दास ने पुलिस हेल्पलाइन पर दूरभाष से संपर्क साध रास्ता भटकने की जानकारी दी। सूचना के बाद हरकत में आई एसडीआरएफ छड़ा ईकाई व पुलिस की संयुक्त टीम ने साधु की खोजबीन शुरु की। चार घंटे सर्च अभियान चलाने के बाद अंधेरा होने व जंगल में आग धधकने से अभियान रोक दिया गया। शनिवार सुबह लगभग छह बजे एसडीआरएफ प्रभारी राम सिंह की अगुवाई में दोबारा अभियान शुरु किया। गया। दोपहर में साधु को तीखी चट्टान में फंसा हुआ देखा गया। टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरु किया। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद साधु को बामुश्किल चट्टान से सुरक्षित नीचे उतारा गया। संयुक्त टीम ने साधु रक्षा दास को चौकी पुलिस कैंची के सुपुर्द कर दिया। एसडीआरएफ प्रभारी राम सिंह के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि तीखी चट्टान में फंसने व चारों ओर आग लगने से साधु रक्षा दास फंस गया। टीम ने रोप की मदद से साधु को सुरक्षित उतारा। इस दौरान नवीन कुमार, कैलाश राम, महेंद्र पाल, रंजीत सिंह, नंद किशोर आदि मौजूद रहे।




