🔳सुयालबाड़ी – नथुआखान मोटर मार्ग पर बज्युठिया क्षेत्र की घटना
🔳चालक की सूझबूझ से टली गई बड़ी घटना
🔳पोल के धराशाई होने से आवाजाही भी हुई ठप
🔳आनन फानन में विद्युत विभाग ने बंद की क्षेत्र की आपूर्ति
🔳स्थानीय लोगों ने गल चुके पोल की सुध न लेने पर जताई नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले सुयालबाड़ी – नथुआखान मोटर मार्ग पर बज्युठिया गांव के समीप खस्ताहाल विद्युत पोल यात्री वाहन पर गिरने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की वाहन में सवार सभी यात्री बाल बाल बच गए। आनन फानन में विद्युत विभाग ने आपूर्ति बंद कर दी। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की समय रहते खस्ताहाल हो चुके पोल की सुध नहीं ली गई।
विद्युत विभाग की लापरवाही से कई जिंदगियां खतरे में आ गई। बुधवार को सुयालबाडी़ क्षेत्र से यात्री वाहन नथुआखान की ओर रवाना हुआ। वाहन में आसपास के गांवों के बाशिंदे सवार थे। वाहन बज्युठिया गांव के समीप पहुंचा ही था की तभी मोटर मार्ग किनारे लगा विद्युत पोल एकाएक धराशाही हो गया। पोल वाहन से टकराता हुआ जमीन पर जा गिरा। वाहन चालक ने सूझबूझ का परिचय दे समय रहते वाहन रोक दिया। सड़क पर एलटी लाइन के तार गिरने से अफरा तफरी मच गई जबकि आवाजाही भी ठप हो गई। आसपास के लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना दी। आनन फानन मे आपूर्ति बंद कर दी गई। सड़क से तार व पोल हटाए जाने के बाद आवाजाही शुरु हो सकी। स्थानीय महेंद्र सिंह, करन सिंह नेगी ने विद्युत विभाग के लापरवाह रवैये पर नाराजगी जताई। आरोप लगाया की पोल खोल चुका था। बावजूद सुध नहीं ली गई। मोटर मार्ग के किनारे लगे विद्युत पोलो का निरीक्षण कर खस्ताहाल पोलो को बदलने की मांग उठाई। पोल के गिरने से क्षेत्र के लगभग बीस उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई। विद्युत विभाग की अवर अभियंता नितिका बिष्ट के अनुसार जल्द आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। तेज हवा से पोल क्षतिग्रस्त हुआ है। क्षेत्र में स्थित अन्य पोलो का भी निरीक्षण किया जाएगा।




