🔳 दो गौवंशीय पशु गंभीर रुप से हुए जख्मी
🔳 पशुपालकों के हो हल्ला करने से बामुश्किल भागा गुलदार
🔳 गांवों में आंतक का पर्याय बन चुके गुलदार से दहशत का माहौल
🔳 प्रधान प्रतिनिधि ने गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर जंगल से लौट रहे गौवंशीय पशुओं पर गुलदार के हमला करने से हड़कंप मच गया। पशुपालकों के हो हल्ला करने से गुलदार जंगल की ओर भाग गया। हमले में दो गोवंशीय पशु जख्मी हो गए। ग्राम प्रधान लाभाशु सिंह ने वन विभाग से गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में गुलदार के आंतक से गांव के बाशिंदे खौफजदा हैं। वहीं मवेशियों को मार डालने से पशुपालकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंगलवार को धनियाकोट गांव के पशुपालक गौवंशीय पशुओं को लेकर समीपवर्ती जंगल की ओर रवाना हुए। दोपहर में पशुओं को जंगल से रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग के रास्ते वापस लाया जा रहा था की नौडा़ बैंड के समीप घात लगाए गुलदार ने गौवंशीय पशुओं पर हमला कर दिया। गुलदार के एकाएक हुए हमले में दो गोवंशीय पशु जख्मी हो गए। पशुपालकों ने हो हल्ला कर गुलदार को भगाया। गनीमत रही की सभी गोवंशीय पशु सुरक्षित रहे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लाभाशु सिंह के अनुसार गुलदार आतंक का पर्याय बन चुका है। गुलदार के आए दिन हमलावर होने से खतरा बढ़ता ही जा रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।




