🔳सीएचसी गरमपानी में चिकित्सकों का पड़ा अकाल
🔳महज चार चिकित्सकों के भरोसे पूरा अस्पताल
🔳चार ब्लॉकों के सैकड़ों गांवों के वाशिंदे अस्पताल पर निर्भर
🔳महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच को एक भी महिला चिकित्सक नही
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे तथा बेतालघाट, रामगढ़, ताड़ीखेत व हवालबाग ब्लॉक के सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी गरमपानी में चिकित्सकों का अकाल पड़ गया है। हालत यह है की महज चार चिकित्सकों पर हजारों की आबादी निर्भर है। गांवों से उपचार को अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं के लिए अस्पताल में एक भी महिला चिकित्सक तक तैनात नहीं है। चिकित्सकों को कमी होने से गांवो के लोग दूरदराज शहरी क्षेत्रों में स्थित निजी अस्पतालों को रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। सीएचसी की हालत पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों की हकीकत बयां कर रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पर आसपास के सैकड़ों गांवों के हजारों लोग निर्भर है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे तथा रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे तथा ग्रामीण सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायल लोगों को भी उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी ही लाया जाता है पर महत्वपूर्ण अस्पताल में चिकित्सकों का संकट बढ़ गया है। नियमानुसार नौ चिकित्सकों में से महज चार चिकित्सकों पर ही हजारों की आबादी निर्भर है। ऐसे में लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चिकित्सकों की तैनाती न होने से दूर दराज रुख करना मजबूरी बन चुका है। हालत यह है की महिलाओं की स्वास्थ्य जांच को अस्पताल में एक भी महिला चिकित्सक तक नहीं है। ऐसे में महिलाओं को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। महज बाल रोग, हड्डी रोग, चिकित्सा प्रभारी व मेडिकल आफिसर ही अस्पताल में तैनात हैं जबकि पांच चिकित्सकों की लंबे समय से तैनाती ही नहीं हो सकी है। महत्वपूर्ण अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती को लेकर लंबे समय से मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। व्यापारी नेता विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गोधन सिंह बर्गली, हीरा सिंह बिष्ट, जगमोहन सिंह , संजय सिंह बिष्ट आदि ने महत्वपूर्ण अस्पताल की अनदेखी पर रोष जताया है। आरोप लगाया है की स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली का खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। जल्द चिकित्सकों की तैनाती की मांग दोहराई है। चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार रिक्त पदों पर तैनाती को समय-समय पर उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया जा रहा है महिलाओं की स्वास्थ्य जांच को समीपवर्ती अस्पताल से व्यवस्था पर सप्ताह में एक दिन महिला चिकित्सक की तैनाती की गई है।

error: Content is protected !!