🔳बेतालघाट ब्लॉक के 12 गांवों में स्थित है सेंटर
🔳प्रत्येक सेंटर में है सीएचओ व एएनएम की तैनाती
🔳नया नाम मिलने के साथ ही अब अन्य जरुरी सुविधाएं मिलने की भी उम्मीद
🔳गांवो में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना है उद्देश्य
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के विभिन्न गांवों में बने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर अब आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नाम से जाने जाएंगे। सरकार के आदेश के बाद अब नाम बदलने की कवायद तेज हो गई है। बकायदा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी बीएम पाठक के अनुसार ब्लॉक के 12 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के नाम बदलने के साथ अपग्रेड किए जाने की तैयारी भी है।
केंद्र व राज्य सरकार ने बीते वर्ष गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने तथा गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने को गांवों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए। बकायदा प्रत्येक सेंटर में एक एक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) तथा एएनएम की तैनाती भी कर दी गई। बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली, रातीघाट, निगलाट, सिमलखा, धनियाकोट, नौघर, बिनकोट, तल्ली सेठी, समेत बारह गांवों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए। सीएचओ व एएनएम को गांवो में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, बीपी, शुगर, टीबी जांच, स्वास्थ्य शिविर, संचारी व गैर संचारी रोगों की जांच, आयुष्मान कार्ड तैयार करना समेत तमाम जिम्मेदारियां सौंपी गई। सरकार ने अब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के नाम में बदलाव कर उन्हें आयुष्मान आरोग्य मंदिर का नाम दे दिया है। नए नाम के साथ ही अब सभी सेंटरों में सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है ताकी गांवों के बाशिंदों को गांवों में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। नई रणनीति के रहते आयुष्मान आरोग्य मंदिर में गर्भवती महिलाओं के प्रसव के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की रणनीति को भी शासन स्तर पर अमलीजामा पहनाया जा रहा है। ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी बीएम पाठक के अनुसार गांवों में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का नाम बदलकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर किया जा चुका है। भविष्य में सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने की भी उम्मीद है। उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद अन्य सुविधाएं जुटाने का भी कार्य किया जाएगा।




