🔳मध्यरात्रि सुयालबाड़ी के समीप लाइन में आई तकनीकी खराबी
🔳हाइवे से सटे गांवों के सैकड़ों उपभोक्ता रहे परेशान
🔳विद्युत कर्मियों ने बामुश्किल आपूर्ति की सुचारु
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे करीब तीस से ज्यादा गांवों की विद्युत आपूर्ति 11 घंटे बाधित रही। ओलावृष्टि के कारण लाइन में तकनीकी खराबी से आपूर्ति भंग हो गई। सैकड़ों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को विद्युत कर्मियों ने बामुश्किल आपूर्ति सुचारु की तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बीते रोज मौसम का मिजाज बिगड़ने के बाद हुई मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मध्यरात्रि आसमानी गड़गड़ाहट के बीच विद्युत विभाग की लाइन में एकाएक तकनीकी खराबी आ गई। सुयालबाड़ी के समीप लाइन में फाल्ट आने से सुयालखेत, क्वारब, नैनीपुल, सुयालबाड़ी, सिरसा, ढोकाने, बसगांव, टिकुरी, बांज समेत तीस से ज्यादा गांवो की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सैकड़ो उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। विद्युत विभाग के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह के निर्देश पर विभागीय टीम ने फाल्ट ढूंढने का अभियान शुरू किया। करीब दस बजे के आसपास बामुश्किल तकनीकी खराबी मिल सकी। तकनीकी खराबी को दूर किए जाने के बाद गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। आपूर्ति सुचारु होने के बाद उपभोक्ताओं ने भी राहत की सांस ली।




