🔳गौशाला के नजदीक गुलदार देख सख्ते में पशुपालक
🔳ग्रामीणों के हो हल्ला करने के बाद जंगल को भागा गुलदार का जोड़ा
🔳आए दिन गुलदार दिखने से दहशत में ग्रामीण
🔳अनहोनी टालने को गांव के समीप पिंजरा लगाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवो में गुलदार की आवाजाही थमने का नाम नहीं ले रही। बुधलाकोट गांव के खेलका तोक में गुलदार का जोड़ा स्थानीय ग्रामीण की गौशाला के नजदीक तक पहुंचने से हड़कंप मच गया। समीप ही मौजूद ग्रामीणों के हो हल्ला मचाने के बाद गुलदार का जोड़ा जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने गुलदार के आंतक से निजात दिलाने को पिंजरा लगाए जाने की मांग उठाई है।
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में गुलदार की आवाजाही तेज होने से दहशत का माहौल है। बेतालघाट ब्लॉक के बुधलाकोट ग्राम पंचायत के खेलका तोक में लगातार गुलदार की आवाजाही तेज होने से गांव के बाशिंदे खौफजदा हैं। शनिवार को स्थानीय पशुपालक चंद्र शेखर बुधलाकोटी अपने मवेशियों को चारा लेने को घर के समीप बनी गौशाला के करीब पहुंचे ही थे की गौशाला के नजदीक गुलदार का जोड़ा देख उनके होश उड़ गए। चंद्रशेखर के चिल्लाने की आवाज सुन चाचा लीलाधर बुधलाकोटी व आसपास के ग्रामीण गौशाला की ओर दौड़े। ग्रामीणों के हो हल्ले की आवाज सुन गुलदार का जोड़ा जंगल की ओर भाग गया। चंद्रशेखर के अनुसार आसपास लोग नहीं होते तो गुलदार का जोड़ा उन्हें मार डालता। स्थानीय लोगों बताया की रोजाना गुलदार का जोड़ा आबादी के नजदीक तक पहुंच जा रहा है जिससे अनहोनी का अंदेशा बना हुआ है। ग्रामीणों ने गुलदार के आंतक को रोकने के लिए गांव में पिंजरा लगाए जाने की मांग उठाई है।




