🔳बाइक समेत नदी क्षेत्र में गिरने से मचा हड़कंप
🔳स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चला पहुंचाया अस्पताल
🔳प्राथमिक उपचार के बाद किया गया हायर सेंटर रेफर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित रामगाढ़ पुल से बाइक सवार शिक्षा विभाग के कर्मचारी के नदी क्षेत्र में गिरने से हड़कंप मच गया। आसपास के व्यापारियों ने रेस्क्यू अभियान चला कर्मचारी को बामुश्किल नदी क्षेत्र से बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
शनिवार को जीआइसी गनाई में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात विनोद मेहता बनकोट, पिथौरागढ़ से बाइक यूके 04 क्यू 8794 में सवार होकर हल्द्वानी को रवाना हुए। विनोद हाइवे पर रामगाढ़ क्षेत्र में स्थित पुल के समीप पहुंचे ही थे की एकाएक वह बाइक पर संतुलन खो बैठे। नतीजतन वह बाइक समेत पुल से रामगाढ़ नदी क्षेत्र की ओर जा गिरे। बाइक सवार के गिरने से हड़कंप मच गया। हाइवे पर आवाजाही कर रहे वाहन चालक भी रुक गए। व्यापारी लक्ष्मण सिंह मेहरा ने स्थानीय लोगों की मदद से बगैर समय गवांए रेस्क्यू अभियान शुरु कर बाइक सवार को बामुश्किल नदी क्षेत्र से बाहर निकाल हाइवे तक पहुंचाया। आपातकालीन 108 सेवा से विनोद को सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार कर उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुल के समीप सुरक्षात्मक कार्य किए जाने की मांग उठाई है।




