🔳एकाएक गिरे पत्थरों से बाजार में अफरा तफरी
🔳दहशत में आए बाजार क्षेत्र के बाशिंदे
🔳गनीमत रही कोई राहगीर नहीं आया चपेट में बड़ा हादसा टला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर गरमपानी बाजार क्षेत्र में थुआ की पहाड़ी से एकाएक पत्थर गिरने से अफरा तफरी मच गई। पत्थर ने बाजार में खड़ी पर्यटकों की कार क्षतिग्रस्त कर डाली। पहाड़ी से गिरे पत्थर से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। गनीमत रही की पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
धनियाकोट निवासी हरेन्दर सिंह बीते शनिवार को नैनीताल से कार यूके 04 टीबी 5528 में पर्यटकों को लेकर गरमपानी क्षेत्र पहुंचा। बाजार क्षेत्र में स्थित एक होटल में सभी पर्यटक व चालक हरेन्दर सिंह भी रुक गया। कार बाजार क्षेत्र में हाइवे किनारे पार्क कर दी गई। रविवार सुबह एकाएक तेज धमाके के साथ बाजार से सटी थुआ की पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। पहाड़ी से पत्थर गिरने की आवाज सुन बाजार क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। लोग जान बचाने को इधर उधर दौड़े। पहाड़ी से गिरे पत्थर बाजार क्षेत्र में खड़ी पर्यटकों की कार से जा टकराए। पत्थरों के गिरने का क्रम थमने के बाद व्यापारी मौके पर पहुंचे। पर्यटकों की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। सूचना पर चालक हरेन्दर सिंह व पर्यटन भी मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही की पत्थरों की चपेट में कोई राहगीर नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। बगैर बारिश के पहाड़ी से पत्थर गिरने से क्षेत्रवासी दहशत में हैं।




