🔳गरमपानी से किया गया था रेफर, हल्द्वानी में तोड़ दिया दम
🔳आपातकालीन 108 सेवा ने कराया था लंबा इंतजार
🔳समय पर सेवा का लाभ मिलता शायद बच जाती बुजुर्ग कि जिंदगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित सीएचसी गरमपानी में उपचार को पहुंचे बुजुर्ग को हायर सेंटर ले जाने को आपातकालीन 108 सेवा ने घंटों इंतजार कराया। दो घंटे बाद पहुंचा 108 सेवा के वाहन से बुजुर्ग को हल्द्वानी ले जाया गया पर बुजुर्ग जिंदगी की जंग हार गया। एसटीएच हल्द्वानी पहुंचते ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। व्यापारियों ने आरोप लगाया की 108 सेवा की लापरवाही का खामियाजा बुजुर्ग को जान देकर चुकाना पड़ा।
पर्वतीय क्षेत्रों में आपातकालीन 108 सेवा जीवनदायिनी के नाम से भी जानी जाती है। कई बार विकट परिस्थितियों में 108 सेवा ने मरीजों को नई जिंदगी दी है पर अब पिछले कुछ समय से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। तकनीकी खराबी आने से कई स्थानों पर वाहन खड़े हो जा रहे हैं तो समय पर वाहनों के न पहुंचने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बीते शुक्रवार शाम सूचना के बाद भी 108 सेवा के देर में पहुंचना मरीज की जिंदगी पर भारी पड़ गया। समीपवर्ती मंयू गांव निवासी हीरा सिंह (50 वर्ष) को तबीयत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी गरमपानी लेकर पहुंचे। लगातार हालात बिगड़ने पर चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार दे बुजुर्ग को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। स्वजनो ने आपातकालीन 108 सेवा से संपर्क साधा। लगातार इंतजार बडा़ तो फिर दोबारा वाहन के पहुंचने का भरोसा दिलाया गया। लगभग दो घंटे के अंतराल के बाद पहुंचे 108 वाहन से मरीज को हायर सेंटर भेजा गया पर हल्द्वानी पहुंचते ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। व्यापारी नेता विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद आदि ने व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई। आरोप लगाया की यदि समय रहते वाहन पहुंचता और बुजुर्ग को हल्द्वानी ले जाता तो शायद उनकी जान बच जाती। व्यापारियों ने 108 सेवा प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. योगेश कुमार के अनुसार मामले की पूरी जानकारी जुटाकर जांच करवाई जाएगी।




