🔳आंदोलन की रणनीति पर किया जाएगा मंथन
🔳अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने से बढ़ती जा रही नाराजगी
🔳गरमपानी के बाद जिला मुख्यालय में भी ठप हुई सेवा
🔳गर्भवती महिलाएं प्रसव पीड़ा में नैनीताल से मायूस लौटने को मजबूर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी गरमपानी में तीन सप्ताह से भी अधिक समय से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने के बाद अब जिला मुख्यालय नैनीताल में भी सेवा का लाभ न दिए जाने पर व्यापारी, पंचायत प्रतिनिधि व आशा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ते ही जा रही है। गर्भवती महिलाओं को लगातार हो रही परेशानी के बावजूद व्यवस्था सुचारु न किए जाने पर अब आंदोलन की रणनीति तैयार होने लगी है। आशा वर्कर यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने आशा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों व पंचायत प्रतिनिधियों से सीएचसी गरमपानी में जुटने की अपील की है ताकि आंदोलन की रणनीति को अंतिम रुप दिया जा सके।
सीएचसी गरमपानी में तीन सप्ताह से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप पड़ी है। दूरदराज के गांवों से गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाउंड को जिला मुख्यालय नैनीताल स्थित बीडी पांडे अस्पताल पहुंच रही है पर अब वहां भी अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ नहीं मिलने से गर्भवती महिलाओं को मायूस होकर वापस लौटना मजबूरी बन चुका है। प्रसव पीड़ा में खतरा उठाकर महिलाएं दूरदराज यात्रा कर रही है जिससे उनकी जिंदगी पर भी संकट मंडरा रहा है। सेवा बाधित होने से नाराज व्यापारियों के लगातार मुद्दा उठाने के बाद अब मामला तूल पकड़ गया है। उत्तराखंड आशा यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने भी मामले में गहरी नाराजगी जताई है। प्रदेश अध्यक्ष कमला ने लगातार उपेक्षा पर रोष जताया है साथ ही जल्द आंदोलन शुरु करने को व्यापारियों व पंचायत प्रतिनिधियों से समर्थन मांगा है। कमला कुंजवाल ने आशा कार्यकर्ताओं से 23 दिसंबर को सीएचसी गरमपानी में जुटने का आह्वान किया है। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार परेशानी बढ़ते ही जा रही है बावजूद व्यवस्था सुचारु नहीं की जा रही। गर्भवती महिलाओं के हितों से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दो टूक कहा की जल्द ही आशा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों व पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। सीएचसी गरमपानी में 23 दिसंबर को बैठक कर आंदोलन की रणनीति को अंतिम रुप दिया जाएगा।

error: Content is protected !!