🔳कोसी घाटी के बाजार में लहसुन की कीमत पहुंची आसमान
🔳कीमत में भारी उछाल के बाद लोगों ने बनाई लहसुन से दूरी
🔳होटल व्यवसायियों के लिए भी खड़ी हुई मुश्किल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कोसी घाटी के बाजारों में लहसुन की कीमत में भारी उछाल आ गया है। 350 रुपये किलो की कीमत पर बिक रहे लहसुन से जहां लोग दूरी बना रहे हैं वहीं होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी परेशानी खड़ी हो गई है। लहसुन उत्पादन वाले क्षेत्रों में उपज खराब होने को कीमतों के बढ़ने का सबसे बडा़ कारण माना जा रहा है।
पहाड़ में सब्जियों की कीमत लगातार बढ़ रही है। बारिश न होने से कई सब्जियों की उपज बाजार तक नहीं पहुंच रही है ऐसे में बड़ी मंडियों से सब्जियां कोसी घाटी पहुंच रही जिस कारण दाम बढ़ चुके हैं। लगातार कीमत बढ़ने के साथ ही अब लहसुन भी आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा है। गरमपानी, खैरना व आसपास के बाजार में लहसुन की कीमतें आसमान पहुंच गई है। अमूमन दो सौ रुपये तक बिकने वाला लहसुन वर्तमान में साढ़े तीन सौ रुपये तक पहुंच चुका है। कीमत बढ़ने से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर होटल व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों के लिए भी परेशानी खड़ी हो गई है। होटल कारोबारी लहसुन का तड़का तो लगा रहे हैं पर ग्राहको को उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री में कीमत नहीं बडा़ पा रहे जिस कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है। खैरना के सब्जी कारोबारी दीपक सिंह बिष्ट के अनुसार बड़ी मंडियों से ही दाम बढ़ गए हैं। लगातार दाम बढ़ने से ग्राहक अब लहसुन से दूरी भी बना रहे हैं। होटल व्यवसाय से जुड़े महेश नैनवाल के अनुसार भोजन सामग्री तैयार करने में काफी लगात लग रही है जबकि बिर्की पर लागत भी वसूल नहीं हो रही। लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है।




