🔳जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳भुजान – रिची सड़क की बदहाली से लोगों में नाराजगी
🔳लंबे समय से सुधार की उठा रहे मांग बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
सड़कों को गड्डे मुक्त करने के लाख दावे किए जाए पर ग्रामीण सड़कें आज भी बदहाली का दंश झेल रही है। तमाम गांवों को जोड़ने वाले भुजान रिची मोटर मार्ग पर गड्डे दावों को खोखला साबित कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने गांवों की सड़कों की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की बदहाल सड़क पर दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही।
बीते दिनों सड़कों को गड्ढा मुक्त करने को बड़े पैमाने पर अभियान चला पर कई ग्रामीण सड़कें अभियान के दायरे में नहीं आ सकी। कुछ सड़कों पर पेंचवर्क का कार्य किया गया पर आज भी गांवों को जोड़ने वाली तमाम महत्वपूर्ण सड़कें पेंचवर्क का इंतजार कर रही है। करीब दो दर्जन से भी ज्यादा गांव को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण भुजान – रिची मार्ग की बदहाली अधिकारियों के दावों की हकीकत बयां कर रही है। बचौडी़ क्षेत्र में गड्ढे दुर्घटना का सबक बन चुके हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। जगह-जगह सुरक्षात्मक कार्य भी क्षतिग्रस्त पड़े हैं। ग्रामीण जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं पर विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। स्थानीय विजय नेगी, विपिन राणा, महेंद्र नेगी, देवेंद्र नेगी, मान सिंह, ज्ञान सिंह, चंदन सिंह राणा आदि ने अधिकारियों पर महत्वपूर्ण सड़क की अपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। चेतावनी दी है की यदि जल्द सड़क के हालातो मे सुधार नहीं किया गया तो गांवों के बाशिंदों को साथ लेकर सड़क पर ही धरना दे आवाजाही ठप कर दी जाएगी।




