🔳छड़ा गांव के बाशिंदों ने उठाई प्लांट हटाए जाने की मांग
🔳जहरीले धुएं से स्वास्थ्य बिगड़ने का लगाया आरोप
🔳अनदेखी पर गांव के लोगों को साथ लेकर प्लांट में ही धरने का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित छड़ा गांव के समीप हॉटमिक्स प्लांट शुरु किए जाने को लेकर ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। गांव के बाशिंदों ने प्लांट क्षेत्र परिसर में नारेबाजी कर रोष जताया। आरोप लगाया कि हॉटमिक्स प्लांट से निकलने वाले जहरीले धुएं से जीना दुश्वार हो चुका है।अब प्लांट फिर शुरु किया जा रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने तत्काल प्लांट हटाए जाने की मांग उठाई दो टूक चेतावनी दी कि यदि अनदेखी की गई तो फिर प्लांट परिसर में ही धरना शुरु कर दिया जाएगा।
छड़ा गांव के समीप हॉटमिक्स प्लांट शुरु किए जाने की सुगबुगाहट से मंगलवार को ग्रामीण प्लांट परिसर में जा धमके। नारेबाजी कर गुबार निकला। आरोप लगाया कि प्लांट से निकलने वाले जहरीले धुएं से जीना मुश्किल हो चुका है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। जहरीला धुआं गांव में घुसने से बच्चों व ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। हॉटमिक्स प्लांट के चलने की आवाज से भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पूर्व में ही प्लांट परिसर में हुई दुर्घटना में गांव के एक बुजुर्ग की मौत भी हो चुकी है।ग्रामीणों ने एक स्वर में गांव के नजदीक से प्लांट हटाए जाने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि यदि अनदेखी की गई तो फिर गांव के लोगों को साथ लेकर हॉटमिक्स प्लांट परिसर में ही धरना शुरु किया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, महामंत्री चंदन सिंह, गिरीश बिष्ट, खुशाल सिंह, भुवन सिंह, नवीन सिंह, दिनेश बिष्ट, सुरेश बिष्ट, प्रताप सिंह, कुंवर सिंह, विजय बिष्ट, महेंद्र सिंह, राजन मौर्या, प्रदीप फर्त्याल आदि मौजूद रहे।




