🔳गुलदार से बचने को हर संभव कदम उठाने को हुए मजबूर
🔳एकाएक गांवों में गुलदार की घुसपैठ से खौफजदा हैं ग्रामीण
🔳गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में पटाखों की बिक्री में आई तेजी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों में लगातार बढ़ रही गुलदार की घुसपैठ रोकने को गांवों के बाशिंदे पटाखों का सहारा ले रहे हैं। शाम होते ही गांव पटाखों की आवाज से गूंज रहे हैं। गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में पटाखों की बिक्री भी बढ़ गई है। व्यापारियों के अनुसार गांव के लोग आए दिन पटाखों की मांग कर रहे जिससे इन दिनों पटाखों की बिक्री में तेजी आ गई है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में इन दिनों गुलदार की आवाजाही तेज हो गई है। आए दिन मवेशियों को मार गिराने के बाद अब गुलदार आबादी के नजदीक तक पहुंच जा रहे हैं। लगातार बढ़ रही आवाजाही से गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। काकड़ीघाट क्षेत्र में युवक को मार डालने व फिर चापड क्षेत्र में विद्यालय के समीप चार गुलदारों के दिखने तथा छोटी जजूली गांव में दो दिन के अंतराल में ही चार मवेशियों को निवाला बनाने की घटना सामने आने के बाद गांवों के बाशिंदे खौफजदा हैं। दिन ढलने के साथ ही लोग घरों में दुबक जा रहे हैं। शिक्षा विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर नौनिहालों की सुरक्षा को आनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था शुरु की है। वन विभाग ने पिंजरे भी लगा दिए हैं बावजूद दिन दोपहर गुलदार गांवों के नजदीक तक पहुंच रहे हैं। गुलदार को भगाने के लिए ग्रामीण अब दीपावली में जलाए जाने वाले पटाखों का भी सहारा ले रहे हैं। गांव के गांव पटाखों की आवाज से गूंज रहे हैं। वहीं बाजार क्षेत्रों में भी पटाखों की बिक्री में तेजी आ गई है। व्यापारियों के अनुसार गांव के बाशिंदे पटाखों की मांग कर रहे हैं। दीपावली महापर्व पर बचे पटाखों को खरीद कर लोग ले जा रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार एकाएक बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दिन ढलने के साथ ही गुलदार को भगाने के लिए पटाखों का इस्तेमाल किया जाना मजबूरी बन चुका है।




