🔳सीएचसी गरमपानी, बेतालघाट व सुयालबाड़ी में पदों के सापेक्ष नहीं है तैनाती
🔳नियमानुसार सीएचसी में पांच स्टाफ नर्सो की तैनाती का है प्रावधान
🔳सुयालबाड़ी में एक्स-रे मशीन के बावजूद नहीं मिल रही सुविधा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों में सुविधाओं का अकाल पड़ गया है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गांव के बाशिंदे सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करने को मजबूर है। विशेषज्ञ चिकित्सकों व बेहतर स्वास्थ्य स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के बाद अब अस्पतालों में स्टाफ नर्सो का भी टोटा हो गया है। सीएचसी बेतालघाट, गरमपानी व सुयालबाड़ी में पद के सापेक्ष स्टाफ नर्सो की तैनाती नहीं है वहीं सीएचसी सुयालबाड़ी में तीन माह पहले एक्स रे मशीन भी आ चुकी है पर अब तक ग्रामीणों को सुविधा उपलब्ध नहीं मिल पा रहा है।
पहाड़ों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे धरातल में खोखले साबित हो रहे हैं। गांव के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल तो खोल दिए गए पर चिकित्सकों व सुविधाओं के अभाव में अस्पताल सफेद हाथी बन चुके हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गांव के लोग मिलो दूर का सफर तय करने को मजबूर है। जहां एक और विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव है तो वहीं स्वास्थ्य सुविधाएं भी नहीं मिल रही साथ ही अब ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधा की रीढ़ कहे जाने वाले स्टाफ नर्सो का भी अकाल पड़ चुका है। नियमानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पांच स्टाफ नर्सो की तैनाती का प्रावधान है पर इसके उलट सीएचसी गरमपानी में दो, बेतालघाट में एक जबकि सुयालबाड़ी में भी महज दो ही स्टाफ नर्स जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।आपातकालीन स्थिति में समस्या बढ़ जाती है पर जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे। क्षेत्रवासियों के अनुसार कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो रहा। विभागीय लापरवाही का आलम यह है की सीएचसी सुयालबाड़ी में एक्स रे मिशन को पहुंचे तीन महीने का समय बीत चुका है पर आज तक लोगों को सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही। चिकित्सा प्रभारी सुयालबाड़ी डा. सत्यवीर सिंह, गरमपानी प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार स्टाफ नर्सो की तैनाती को उच्चाधिकारियों को पत्राचार कर दिया गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह जीना, शेखर दानी, गजेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, हीरा सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह, राकेश जलाल मनोज नैनवाल आदि ने तत्काल सुविधाओं में सुधार किए जाने की मांग उठाई है।




