🔳जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳बदहाल सड़क पर आए दिन लोग हो रहे जख्मी
🔳कई बार डामरीकरण की उठ चुकी मांग पर नहीं हो रही सुनवाई
🔳अनदेखी पर ग्रामीणों का सब्र देने लगा जवाब
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों को जोड़ने वाली सड़कों का कोई सुधलेवा नहीं है। तमाम गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण बजोल – अल्मियाकांडे सड़क की दुर्दशा तंत्र की काहिली की हकीकत बयां कर रही है। गांवों के बाशिंदे जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। अनदेखी का आलम यह है कि सड़क निर्माण को 15 वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक 2 किमी दायरे में डामरीकरण नहीं किया जा सका है। लगातार उपेक्षा किए जाने से अब गांवों के बाशिंदों का सब्र जवाब देने लगा है।
रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे से कनार, मंगडोली, खुडोली, खान, कांडा, जाला, डूंगरा, ईनाड़, काकड़ीघाट, बोहरागांव, भुजान आदि तमाम गांवों को जोड़ने के लिए लगभग 15 वर्ष पूर्व बजोल – अल्मियाकांडे मोटर मार्ग का निर्माण किया गया। उम्मीद थी की गांवों के बाशिंदों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सकेगा पर समय के साथ साथ उम्मीदें धराशाई हो गई। 15 बरस का लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक सड़क पर डामरीकरण नहीं किया जा सका है। ग्रामीण डामरीकरण कई मांग उठाते थक चुके हैं पर तंत्र सुनने को तैयार नहीं। ग्रामीणों के अनुसार आए दिन बदहाल सड़क पर लोग चोटील हो रहे हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय बालम सिंह मेहरा, आंनद सिंह मेहरा, नैन सिंह, हरीश सिंह, हरक सिंह, भीम सिंह, भूपाल सिंह, कुंदन सिंह, सुरेन्द्र सिंह आदि ने लगातार अनदेखी पर रोष जताया है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द मोटर मार्ग पर डामरीकरण नहीं किया गया तो आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।




