🔳सरकारी जमीन पर निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की उठाई मांग
🔳पर्यटन विभाग को हस्तांतरित जमीन पर कब्जे का उठाया मुद्दा
🔳जल्द उच्चाधिकारियों से वार्ता का किया दावा
🔳राजस्व उपनिरीक्षक बोले – भूमि का किया गया है सीमांकन, कब्जा मिला तो करेंगे ध्वस्त
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर कैंची बाजार क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सोबन सिंह ने सरकारी भूमि पर खुलेआम अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया है। मंडल अध्यक्ष ने मिलीभगत से सरकारी खाते में दर्ज हो चुकी भूमि पर खुलेआम हो रहे निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की मांग उठाई है।
हाइवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में देश विदेश से रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से कैंची क्षेत्र में निर्माण कार्यों की बाढ़ सी आ गई है। बीते दिनों उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी के आसपास नियमों को ताक पर रख निर्माण कार्य किए जाने का मामला उठने के बाद अब भाजपा मंडल अध्यक्ष गरमपानी सोबन सिंह ने सरकारी जमीनों पर धड़ल्ले से निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगा मोर्चा खोल दिया है। मंडल अध्यक्ष सोबन सिंह के अनुसार पूर्व में प्रशासन ने पार्किंग व अन्य कार्यों के लिए जमीन पर्यटन विभाग को हस्तांतरित की है। आधे हिस्से में पार्किंग अस्तित्व में आ चुकी है पर शेष बची भूमि के कुछ हिस्सों पर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं जबकि जमीन पर्यटन विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है बावजूद मिलीभगत से अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य में इस्तेमाल को आने वाली सामग्री भी हाइवे पर फैलाई जा रही है जिससे हाइवे पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है। मंडल अध्यक्ष सोबन सिंह ने सरकारी भूमि पर किए जा रहे निर्माण कार्यों की जांच की मांग उठा कार्रवाई की किए जाने का मुद्दा उठाया है। दो टूक कहा हैं की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने को प्रशासन के उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी। राजस्व उपनिरीक्षक शकील अहमद के अनुसार पर्यटन विभाग को हस्तांतरित की गई भूमि का सीमांकन किया गया है। यदि सीमांकन के अंदर अतिक्रमण पाया गया तो तत्काल हटाया जाएगा।




