🔳दो किमी दूर पाइप लाइन को दुरुस्त कर तंत्र को दिखाया आइना
🔳बीते 15 दिनों से ठप थी विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र में आपूर्ति
🔳नौनिहालों व शिक्षकों को करना पड़ रहा था परेशानी का सामना
🔳जिम्मेदारों की अनदेखी पर महिलाओं ने थामी कमान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट))))
स्कूल में नौनिहाल बूंद बूंद पानी को तरस रहे हो और मातृशक्ति चुप बैठी रहें ऐसा संभव ही नहीं है। बेतालघाट ब्लॉक के रतौडा़ गांव में स्थित विद्यालय में कई दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने पर गांव की महिलाओं ने दो किमी दूर स्थित पेयजल स्रोत में पाइपों को दुरुस्त किया। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के महिलाओं ने विद्यालय में पेयजल आपूर्ति सुचारु कर तंत्र को आईना दिखा दिया।
दरअसल बेतालघाट ब्लॉक के रतौडा़ गांव में स्थित विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र में पिछले पंद्रह दिनों से भी अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप होने से नौनिहालों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। नौनिहाल घरों से पानी लेकर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हो गए जबकि विद्यालय में नौनिहालों के लिए बनाए जाने वाले मध्याह्न भोजन के लिए भी भोजन माता को दूर दराज से पानी ढोकर विद्यालय तक पहुंचाना पड़ता। क्षेत्रवासियों ने विद्यालय में अध्ययनरत तीस नौनिहालों तथा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने की मांग उठाई पर जिम्मेदारों ने सुध नहीं ली। जिम्मेदारों की अनदेखी व पानी का लगातार संकट बढ़ता देख गांव की महिलाओं ने खुद ही पेयजल लाइन को दुरुस्त करने का फैसला लिया। मातृशक्ति गांव से करीब दो किलोमीटर दूर रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर स्थित खैराली क्षेत्र पहुंची जहां पेयजल के लिए बिछाई गई पाइप लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरु किया गया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल पाइपों को दुरुस्त कर विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई। विद्यालय में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने पर क्षेत्रवासियों ने मातृशक्ति के कार्यों की सराहना की। इस दौरान हेमा देवी, दीपा देवी, रेनू देवी, उमा देवी, शांति, मुन्नी, कैलाश, दान सिंह आदि मौजूद रहे।




