🔳व्यापारियों ने कार्य शुरु करवाए जाने की उठाई पुरजोर मांग
🔳छड़ा खैरना बाजार क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को मिलना है लाभ
🔳शिप्रा नदी से अस्तित्व में आनी है छड़ा खैरना पंपिंग पेयजल योजना
🔳जल्द कार्य शुरु न होने पर आंदोलन का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
हाइवे पर स्थित गरमपानी, खैरना तथा छड़ा क्षेत्र में पानी का सूखा खत्म करने को खैरना पुल के समीप लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली महत्वाकांक्षी छड़ा – खैरना पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण कार्य शुरु न होने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की छह महीन पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाए जाने के बावजूद कार्य शुरु न किया जाना जल संस्थान की लापरवाही को उजागर कर रहा है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द कार्य शुरु नहीं हुआ तो फिर जल संस्थान के कार्यालय में धरना शुरु किया जाएगा।
दरअसल गरमपानी, खैरना तथा छड़ा क्षेत्र को दोपांखी स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पेयजल आपूर्ति होती है। बीते तीन वर्ष पूर्व अक्टूबर माह में हुई मूसलाधार बारिश से उफान में आई शिप्रा नदी तथा थुआ की पहाड़ी से जगह जगह भूस्खलन ने योजना को भारी नुकसान पहुंचाया। कई महीनों तक क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। बामुश्किल अस्थाई व्यवस्था कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की गई पर अब भी कई बार पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। समस्या के स्थाई समाधान को संबंधित विभाग ने खैरना पुल के समीप से पेयजल पंपिंग योजना का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा। सरकार से लगभग दो करोड़ रुपय की स्वीकृति मिलने के साथ ही जल संस्थान ने छह महीने पहले टेंडर प्रक्रिया भी पूरी करा ली है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी की पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से निजात मिल सकेगी पर टेंडर प्रक्रिया को छह महीने से भी अधिक का समय बीतने के बावजूद आज तक महत्वाकांक्षी योजना का कार्य शुरु नहीं किया जा सका है। योजना का कार्य शुरु न होने से प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गोविन्द सिंह, महेंद्र सिंह, पंकज कुमार, फिरोज अहमद, मनीष तिवारी, मनोज नैनवाल आदि व्यापारियों ने रोष जताया है। संबंधित विभाग पर ढुलमुल रवैया अपनाए जाने का आरोप भी लगाया है। जल्द कार्य शुरु करवाए जाने की मांग उठाई है। जल संस्थान के सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत के अनुसार ठेकेदार को जल्द कार्य शुरु करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द मशीन मौके पर पहुंचा कार्य शुरु करवाया जाएगा।




