🔳श्रद्धालुओं के लिए बन चुके हैं परेशानी का सबब
🔳दान के लिए जोर जबरदस्ती पर हो जा रहे आमादा
🔳परेशान हो रहे देश विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालु
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करने वालों की संख्या में एकाएक इजाफा हो चुका है। एक दर्जन से अधिक लोग भिक्षावृत्ति में जुटे हुए हैं। भिक्षावृत्ति करने वालों की जोर जबरदस्ती से श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आस्था के केंद्र कैंची धाम में रोजाना देश विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। बाबा नीम करौली के भक्तों को कोई भी परेशानी न हो इसके लिए मंदिर समिति ने विशेष व्यवस्थाएं बनाई है। बीते कुछ समय पूर्व मंदिर के नाम पर भंडारा व दान मांगने वालों से श्रद्धालुओं को सतर्क करने के लिए मंदिर प्रबंधन चेतावनी भी जारी कर चुका है। अब मंदिर के मुख्य गेट पर भिक्षावृत्ति करने वालों ने सक्रियता बढ़ा दी है। हाइवे पर स्थित मुख्य बाजार क्षेत्र में करीब एक दर्जन से भी अधिक महिलाएं, बच्चे भिक्षावृत्ति में जुटे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार भिक्षावृत्ति करने वाले श्रद्धालुओं से जोर जबरदस्ती पर आमादा हो जा रहे हैं। पैसे न देने पर अभद्रता भी कर रहे हैं। भिक्षावृत्ति करने वालों की लगातार बढ़ रही संख्या से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारी गिरीश तिवारी, रमेश किरौला, दिनेश तिवारी, भुवन तिवारी, पवन कुमार, बिंदु कुमार ने मंदिर के मुख्य गेट तथा बाजार क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करने वालों की लगातार बढ़ रही संख्या पर अंकुश लगाने की मांग उठाई है।




