◾आबादी के नजदीक दो भालू देखें जाने से मचा हड़कंप
◾जंगली जानवरों के बढ़ते दखल से सख्ते में ग्रामीण
◾समीपवर्ती जाख गांव में जंगली सूअर दो ग्रामीणों को कर चुका घायल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के बुधलाकोट गांव के तल्ला खैरका क्षेत्र में दो भालू देखे जाने से हड़कंप मच गया है। गुलदार व जंगली सूअरो की बढ़ती घुसपैठ के बीच अब भालू की दस्तक से गांव के बाशिंदे सख्ते में आ गए हैं। ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के बढ़ते दखल पर रोक लगाए जाने की मांग वन विभाग से की है।
जंगली जानवरों के बढ़ते आंतक से गांव के बाशिंदे परेशान हैं। खेतीबाड़ी को नुकसान पहुंचाने के बाद अब जंगली जानवर हमलावर भी होने लगे हैं। बीते दिनों ही जाख गांव में जंगली सूअर के हमले में दो ग्रामीण गंभीर रुप से घायल हो चुके हैं। एसटीएच हल्द्वानी में दोनों का इलाज चल रहा है वहीं गुलदार का आंतक भी गांवों में चरम सीमा पर है। अब बुधलाकोट गांव के तल्ला खैरका क्षेत्र में दो भालू देखे जाने से हड़कंप मच गया है। स्थानीय चंद्रशेखर बुधलाकोटी के अनुसार शुक्रवार सुबह नदी के किनारे दो भालू देखे गए। हो हल्ला होने पर भालू जंगल की ओर भाग गए। भालू देखे जाने से गांव के बाशिंदे दहशत में हैं। चंद्रशेखर बुधलाकोटी ने बड़ी घटना का अंदेशा जताया है। कहा की स्कूली बच्चे आवाजाही करते हैं महिलाएं खेतों में काम करती है ऐसे में खतरा कई गुना बढ़ गया है। ग्रामीणों ने जंगली जानवरों की बढ़ती घुसपैठ रोकने को ठोस उपाय किए जाने की मांग वन विभाग से की है।

error: Content is protected !!