◾करोड़ों के लागत से हो रहे हाटमिक्स की दो दिन में खुली पोल
◾महत्वपूर्ण हाइवे पर लीपापोती होने से लोगों में नाराजगी
◾एनएच विभाग पर लगाया अनदेखी किए जाने का आरोप
◾निगलाट क्षेत्र में उखड़ गई गुणवत्ताविहीन डामर की परत
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहे महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर अब गुणवत्ताविहीन डामरीकरण की मार भी पड़ने लगी है। दो दिन पूर्व में किया गया हाटमिक्स कार्य जवाब देने से लोगों में गहरी नाराजगी है। व्यापारियों ने एनएच विभाग पर गुणवत्ताविहीन कार्य की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया है।
कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर डामरीकरण व मरम्मत को केंद्रीय सड़क व भूतल मंत्रालय ने करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत किया है। उम्मीद जगी की खस्ताहाल में पहुंच चुके हाइवे की हालत में सुधार होगा पर अब एक बार फिर गुणवत्ता विहीन कार्यों का बोलबाला सामने आने लगा है। हाइवे पर निगलाट क्षेत्र में दो दिन पहले ही किया गया हाटमिक्स कार्य दम तोड़ गया है। जगह जगह हाटमिक्स उखड़ने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। करोड़ों के बजट से किए जा रहे कार्य के दो दिन में ही जवाब दे जाने से प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने रोष जताया है। व्यापारी नेता मनीष तिवारी, गजेंद्र सिंह, गोविंद नेगी, सुनील मेहरा, कुलदीप सिंह खनायत, फिरोज अहमद आदि ने गुणवत्ताविहीन कार्य किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। दो टूक कहा है की महत्वपूर्ण हाइवे पर गुणवत्ताविहीन डामरीकरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द घटिया डामरीकरण नहीं हटाया गया तो एनएच विभाग के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

error: Content is protected !!