◾एकाएक चले चैकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप
◾14 चालान कर वसूला गया 5750 रुपये जुर्माना
◾नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चौकी पुलिस खैरना ने शिंकजा कस दिया है। पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर 14 वाहन चालकों के चालान कर 5750 रुपये जुर्माना वसूला। एकाएक चले अभियान से वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया।
हाइवे पर दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चौकी पुलिस खैरना की टीम ने एएसआई गिरीश चंद्र टम्टा की अगुवाई में हाइवे पर खैरना के समीप विशेष चैकिंग अभियान चलाया। तेज रफ्तार, ओवरलोड, बगैर कागजात, मालवाहक वाहन में यात्री ढोना, मोबाइल पर बात कर वाहन दौड़ा रहे वाहनों चालकों के ताबड़तोड़ चालान किए गए। पुलिस टीम के एकाएक चले अभियान से हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक वाहनों को हाइवे किनारे छोड़ इधर उधर हो गए। पुलिस टीम ने नियमों के उल्लंघन पर 14 चालान कर 5750 रुपये जुर्माना वसूला। एएसआई गिरीश चंद्र टम्टा ने वाहन चालकों को कड़ी हिदायत भी दी। नियमों की अनदेखी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस दौरान राजेंद्र सती, जगदीश धामी, प्रयाग जोशी आदि मौजूद रहे।




