◾ प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने उठाई पुरजोर मांग
◾सैकड़ों गांवों के मध्य व हाइवे पर स्थित होने पर बताया जरुरी
◾ब्लड बैंक होता तो बच सकती थी पोखरी गांव की प्रसूता की जिंदगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सीएचसी गरमपानी में मिनी ब्लड बैंक स्थापित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने सैकड़ों गांवों के मध्य तथा हाइवे पर स्थित सीएचसी में ब्लड बैंक की जरुरत पर जोर दिया है। पदाधिकारियों के अनुसार यदि ब्लड बैंक की सुविधा होती तो पोखरी गांव की प्रसूता की जिंदगी भी बच जाती।
सीएचसी गरमपानी में हाइवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायलो को उपचार के लिए लाया जाता है वहीं बेतालघाट ब्लॉक के साथ ही ताड़ीखेत, रामगढ़ तथा हवलबाग ब्लॉक के सैकड़ों गांवों से मरीज यहां पहुंचते हैं ऐसे में अस्पताल में सुविधाओं की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। बीते बुधवार को ही सुविधाओं के अभाव में समीपवर्ती पोखरी गांव निवासी प्रसूता को जान गंवानी पड़ी। व्यापारियों ने अस्पताल में अन्य सुविधाओं के साथ ही मिनी ब्लड बैंक स्थापित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार महत्वपूर्ण अस्पताल में सुविधाओं के अभाव में लोगों को दूरदराज रुख करना पड़ता है। ब्लड बैंक की सुविधा न होने से तीस से चालीस किमी की दूरी तय करना मजबूरी है। ऐसे में मरीज की जिंदगी पर भी खतरा मंडरा जाता है। संगठन के खैरना इकाई अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, मनीष तिवारी, गोविंद सिंह नेगी, फिरोज अहमद, राकेश जलाल, महेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, सुनील मेहरा ने सीएचसी में मिनी ब्लड बैंक स्थापित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।

error: Content is protected !!