◾सीएचसी गरमपानी में दिया बेटी को जन्म रास्ते में तोड़ दिया दम
◾प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने पर किया गया था हायर सेंटर रेफर
◾स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल, टूटा दुखों का पहाड़
◾क्षेत्रवासियों ने उठाई सीएचसी में सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पहाड़ों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लाख दावे किए जाएं पर धरातल में दावे खोखले साबित हो रहे हैं। बेटी को जन्म देने के बाद सुविधाओं के अभाव में समीपवर्ती पोखरी गांव की प्रसूता की मौत हो गई। सीएचसी प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया। खून की भी आवश्यकता थी।
पर्वतीय क्षेत्रों में सुविधाओं का अभाव है जिसका खामियाजा गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। आए दिन महिलाओं की जिंदगी खत्म हो रही है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के पोखरी गांव निवासी कास्तकार नरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमा देवी (28) को प्रसव पीड़ा उठने पर गांव से निजी वाहन से सीएचसी गरमपानी लाया गया। कुछ देर बाद प्रसूता ने बेटी को जन्म दिया पर अचानक प्रेमा की हालत बिगड़ते चली गई। उपचार कर रहे चिकित्सकों ने स्वजनों को अधिक खून बहने का हवाला दे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर करने की बात कहीं। आपातकालीन 108 सेवा से प्रेमा को रैफर कर दिया गया। भीमताल के समीप प्रसूता की हालत ज्यादा बिगड़ गई। आनन फानन में उसे भीमताल स्थित चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्रसूता को मृत घोषित कर दिया। प्रेमा की मौत से स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतका के बडे़ बेटे की भी कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। स्वजनों के अनुसार यदि सीएचसी गरमपानी में ही बेहतर सुविधाएं होती तो शायद प्रेमा कि जिंदगी बच जाती। इधर सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार सुरक्षित प्रसव के बाद प्रसूता का अधिक रक्त स्राव होने से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। प्रसूता को खून की भी जरुरत थी। व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह गौणी, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, गजेंद्र नेगी, गोविंद सिंह नेगी आदि ने आपातकालीन स्थित के लिए सीएचसी में ब्लड बैंक स्थापित किए जाने की मांग उठाई है ताकि किसी और प्रसूता को जान न गंवानी पड़े।




