◾सड़कों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
◾कभी भी बड़ी घटना सामने आने का जताया अंदेशा
◾बडे़ बडे़ गड्डे तथा झाड़ियों तक न काटने का लगाया आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्गो की बदहाली का मामला मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज हो गया है। धनियाकोट निवासी कृपाल सिंह मेहरा ने शिकायत दर्ज करा अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। बताया है की सड़कों की दुर्दशा से कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाली सड़कें लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही है। खस्ताहाल में पहुंच चुके मोटर मार्गो पर दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। गांवों के बाशिंदे जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर है। कई बार मोटर मार्गो को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। धनियाकोट निवासी कृपाल सिंह मेहरा ने अब मामला मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज करा दिया है। कृपाल सिंह के अनुसार सड़कों पर अनगिनत गड्डे परेशानी का सबब बन चुके हैं। बड़ी बड़ी झाड़ियों से आवाजाही खतरनाक हो चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। कृपाल सिंह ने ब्लाक के तहत सभी मोटर मार्गो की हालत में सुधार करने तथा लापरवाही पर आमादा अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।




