◾कोसी घाटी क्षेत्र के 15 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हुए प्रभावित
◾विभागीय टीम ने बामुश्किल पेड़ हटाकर सुचारु की व्यवस्था
◾ आपूर्ति सुचारु होने के बाद उपभोक्ताओं ने ली राहत की सांस
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
मूसलाधार बारिश ने कोसी घाटी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप कर दी। कैंची क्षेत्र के समीप विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति चरमरा गई। नौ घंटे आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग की टीम ने बामुश्किल पेड़ हटाकर आपूर्ति सुचारु की।
शनिवार सुबह बारिश के बीच अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में विद्युत विभाग की 33 केवी लाइन पर पेड़ धराशाई होने से गरमपानी, खैरना, बेतालघाट, सुयालबाडी़ समेत कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। लगभग पंद्रह हजार से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूर-दराज के गांवों से आवश्यकीय कार्य से बाजार पहुंचे लोगों को भी कार्य न हो पाने से मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। सूचना पर विद्युत सब स्टेशन गरमपानी से कर्माचारियों की टीम अवर अभियंता गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में कैंची क्षेत्र को रवाना हुई। साईं मंदिर के समीप विद्युत लाइन पर गिरे पेड़ को हटाने का कार्य शुरु किया गया। दोपहर तकरीबन तीन बजे के आसपास पेड़ हटाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु की जा सकी। आपूर्ति सुचारु होने के बाद उपभोक्ताओं ने भी राहत की सांस ली।
