◾देहरादून में हुए कार्यक्रम में संस्था सदस्यों को किया सम्मानित
◾सीएम ने की सराहना कार्य क्षेत्र बढ़ाने का किया आह्वान
◾अधिशासी निदेशक ने संस्था के कार्यों की दी जानकारी
◾संस्था को सम्मान मिलने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई खुशी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
विशेषज्ञ चिकित्सकों व सचल दल सेवा के जरिए सूदूर गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने पर आरोही संस्था को देहरादून में हुए कार्यक्रम में एचीवर्स सम्मान से नवाजा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संस्था के कार्यों की सराहना कर सम्मान सौंपा। भविष्य में भी गांवो तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का आह्वान किया।
देहरादून में बीते दिनों हुए कार्यक्रम में समाजिक क्षेत्रो में बढ़-चढ़कर कर कार्य करने वाली संस्थाओं को एचीवर्स सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लंबे समय से रामगढ़, ताड़ीखेत, बेतालघाट, हवलबाग, ओखलकांडा, धारी ब्लॉक समेत दूरस्त गांवों में विशेषज्ञ चिकित्सकों व सचल वाहन सेवा के जरिए गांवों के बाशिंदो को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर आरोही संस्था को भी सम्मानित किया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संस्था के अधिशासी निदेशक डा. पंकज तिवारी, स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालक समिरन त्रिपाठी तथा रेडियोलॉजिस्ट डा. विवेक शर्मा को संयुक्त रुप से स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र सौंपा। सीएम ने संस्था के कार्यों की सराहना कर कार्य क्षेत्र बढ़ाने का आह्वान किया। अधिशासी निदेशक डा. पंकज तिवारी ने बताया कि आरोही संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा व आजीविका के क्षेत्र में तीस वर्षों से भी अधिक समय से सक्रिय रुप से कुमाऊँ के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में कार्यरत है। स्वास्थ्य कार्यकम के तहत आरोही आरोग्य केन्द्र अस्पताल तथा ‘सचल चिकित्सा वाहन के माध्यम से सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, लैब जाँच, ईसीजी एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य जैसी मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं जिसमें डेढ़ सौ गांवों की लगभग डेढ़ लाख से ज्यादा आबादी लाभान्वित हो रही है। सचल स्वास्थ्य शिविर अपने आप में एक अनूठी पहल है, जिसको आरोही के अध्यक्ष (अवकाश प्राप्त) कर्नल डा. चन्द्र शेखर पन्त ने शुरु किया। दुर्गम व दूरस्थ क्षेत्रों में समुदाय व गर्भवती महिलाओं को जांच एवं अल्ट्रासाउण्ड सुविधा के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही है। आरोही संस्था को सम्मानित किए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों, व्यापारियों व गांवों के बाशिंदों ने खुशी व्यक्त की है।
