◾दरकती पहाड़ियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोक दी रफ्तार
◾ कात्यागाढ़ क्षेत्र में व्यापारी की कार चपेट में आने से बाल बाल बची
◾ जेसीबी मशीनों से मलबा हटाए जाने के बाद सुचारु हुआ यातायात
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर बारिश थमने के बाद भी पहाड़ियां दरकने का सिलसिला जारी रहा। क्वारब तथा कत्यागाढ़ पुल के समीप पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन ने हाइवे पर यातायात ठप दिया। सिरसा क्षेत्र के व्यापारी नेता की कार भूस्खलन की चपेट में आने से बाल बाल बच गई। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाए जाने के बाद बामुश्किल खतरे की बीच आवाजाही फिर सुचारु हुई।
बीते रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से सोमवार को राहत मिल ही सकी थी की अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर खतरे का सबब बन चुकी खस्ताहाल पहाड़ियों ने मुश्किलें बढ़ा दी। क्वारब पुल के समीप पहाड़ी दरकने से मलबा हाइवे पर आ गिरा। लगभग घंटे भर की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया गया की तभी सुयालबाडी़ क्षेत्र के समीप कत्यागाढ़ पुल के नजदीक एकाएक पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी से गिरे मलबा व बोल्डर की चपेट में आने से व्यापारी नेता कुबेर सिंह जीना की कार बाल बाल बची। कुबेर सिंह ने सूझबूझ का परिचय दे कार पीछे कर ली और बडा़ हादसा टल गया। हाइवे पर मलबा व पत्थरों का ढेर लगने से यातायात भी ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री वाहन जहां तहां फंस गए। सूचना पर पहुंचे एनएच कर्मियों ने जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का कार्य शुरु किया पर पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से कार्य कई बार प्रभावित हुआ। दोपहर ढाई बजे के आसपास बामुश्किल मलबा हटाया जा सका तब जाकर यातायात सुचारु हुआ।
