◾नौनिहालों व शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर कमरा किया गया बंद
◾रानीखेत रेंज से वन विभाग की टीम मौके को रवाना
◾विद्यालय में 56 बच्चे अध्ययनरत जबकि तीन शिक्षिकाएं है तैनात
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित प्राथमिक विद्यालय में दो सांप देखे जाने से हड़कंप मच गया। आनन फानन में वन विभाग व पुलिस को भी सूचना दी गई। जिस कमरे में सांप घुसा है सुरक्षा के मद्देनजर उस कमरे को बंद कर दिया गया है। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा के अनुसार सांप पकड़ने को टीम रवाना कर दी गई है।
मंगलवार को रोजाना की तरह शिक्षक व नौनिहाल विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में करीब 56 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं जबकि तीन शिक्षिकाएं तैनात हैं। विद्यालय परिसर में ही आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित है। विद्यालय के स्टोर रुम में दो सांप दिखने से पूरे विद्यालय में हड़कंप मच गया। नौनिहालों की सुरक्षा को ध्यान में रख बच्चों को घर भेज दिया गया। प्रधानाचार्य आशा आगरी तथा शिक्षिका प्रेमा नेगी स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस व वन विभाग को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची बेतालघाट पुलिस की टीम ने मौका मुआयना कर अहतियात बरतने के निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर कमरे को भी बंद कर दिया गया है। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने भी लोगों से नजदीक न जाने की अपील की है। साथ ही कहा की टीम को मौके की ओर रवाना कर दिया गया है।
