◾सुप्रसिद्ध कैंची क्षेत्र में बाजार में खुले छोड़े गए गंदे पानी के पाइप
◾बाजार से कलमठ होते हुए शिप्रा में मिल रहा दूषित पानी
◾कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में भी जा रहा गलत संदेश
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची क्षेत्र में होम स्टे तथा होटलो से बाजार क्षेत्र में गंदे पानी के पाइप छोड़े जाने से कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में गलत संदेश जा रहा है। वहीं गंदे पानी से उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी भी प्रदूषित होती जा रही है। प्रदूषित पानी से संक्रामक बिमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है।
हाइवे पर स्थित कैंची धाम देश विदेश के श्रद्धालुओं का आस्था का केंद्र है। रोजाना हजारों श्रद्धालु बाबा नीम करौली के दर पर पहुंचते हैं। पर क्षेत्र में होटल व होम स्टे संचालक मनमानी पर आमादा हो चुके हैं। खुलेआम व्यवस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है। तमाम होटलों व होम स्टे से गंदे पानी के पाइप हाइवे पर खुले छोड़ दिए गए हैं। गंदा पानी बाजार क्षेत्र से बहकर हाइवे पर बने कलमठ से सीधे उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी में मिल रहा है जिससे आस्था से जुड़ी नदी भी प्रदूषित होती जा रही है। कैंची धाम आश्रम से साईं मंदिर तक जगह जगह गंदे पानी के पाइप हाइवे पर खुले छोड़े गए हैं जिससे देश विदेश से कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में भी ग़लत संदेश जा रहा है। गंदे पानी से संक्रामक बिमारी फैलने का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है। शिप्रा नदी के दूषित होने से लोगों में गहरी नाराजगी है। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत के अनुसार निरीक्षण करवाया जाएगा। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
