◾लमजाला के समीप पहाड़ी से हुए भूस्खलन ने रोकी रफ्तार
◾सूचना देने के बाद जेसीबी मशीन के देर में पहुंचने से क्षेत्रवासी नाराज
◾प्रधान प्रतिनिधि व ग्रामीण ने लगाया उपेक्षा किए जाने का आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामनगर बेतालघाट मोटर मार्ग पर लमजाला क्षेत्र के समीप पहाड़ी से भूस्खलन होने से आवाजाही ठप हो गई। गांवों से उपज को रामनगर मंडी ले जा रहे कास्तकार रोड बंद होने से घंटों फंसे रहे। सूचना के बावजूद देर से पहुंची जेसीबी मशीन से मलबा हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु हुआ। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम गिरी गोस्वामी ने सूचना देने के बाद भी जेसीबी मशीन के घंटों बाद मौके पर पहुंचने पर गहरी नाराजगी जताई।
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से तमाम गांवों समेत रामनगर को जोड़ने वाले बेतालघाट – रामनगर मोटर मार्ग पर शनिवार मध्यरात्रि लमजाला क्षेत्र के समीप पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से हुए भूस्खलन से मलबा व पत्थर मोटर मार्ग पर इकठ्ठा होने से आवाजाही ठप हो गई। रविवार सुबह आसपास के गांवों से कास्तकार उपज लेकर रामनगर मंडी को रवाना हुए पर मोटर मार्ग अवरूद्ध होने से प्याज, फूलगोबी आदि सब्जियों से लदे किसानों के वाहन जहां तहां फंस गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम गोस्वामी ने सूचना विभागीय अधिकारियों को दी। जेसीबी मशीन से मलबा हटाए जाने के बाद तकरीबन तीन घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। प्रधान प्रतिनिधि प्रेम गिरी गोस्वामी ने आरोप लगाया की सूचना देने के बावजूद जेसीबी घंटो बाद मौके पर पहुंची जिस कारण लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रेम गिरी गोस्वामी व क्षेत्रवासियों ने एक जेसीबी मशीन को बिसगुली क्षेत्र में तैनात किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
