◾वाहन चालक व एक महिला श्रद्धालु घायल
◾उपचार के लिए दोनों को पहुंचाया गया सीएचसी गरमपानी
◾रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर बमस्यू क्षेत्र की घटना
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

खैरना स्थित शिवालय से धार्मिक अनुष्ठान से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में वाहन चालक व एक महिला श्रद्धालु घायल हो गई। दोनों का सीएचसी गरमपानी में प्राथमिक उपचार किया गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मंगलवार को ताड़ीखेत ब्लॉक के बमस्यू क्षेत्र से महिलाएं खैरना स्थित शिवालय में शिवमहापुराण कथा ज्ञान यज्ञ में पहुंची। कथा के बाद एक ही गांव की पांच महिलाएं यात्री वाहन यूके 01 टीए 0299 मे सवार होकर वापस गांव की ओर रवाना हुई। वाहन रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर बमस्यू क्षेत्र के समीप पहुंचा ही था की विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे डंपर यूके 04 सीबी 8412 ने यात्री वाहन को जबरदस्त टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से महिला श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। वाहन चालक पातली निवासी जोगा सिंह ने चोटिल होने के बावजूद वाहन को हाइवे के किनारे लगाया तथा एक एक कर सभी महिला श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल वाहन चालक जोगा सिंह तथा महिला श्रद्धालु चंपा देवी को उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। दुर्घटना की सूचना पर टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह गौणी, व्यापारी नेता गजेंद्र नेगी तथा अजय सिंह पनौरा भी अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना से स्टेट हाइवे पर कुछ देर आवाजाही भी ठप हो गई। बाद में यातायात सुचारु हुआ।