◾वाहन में सवार लोगों ने बामुश्किल बचाई जान
◾ आवाजाही भी हुई ठप, जेसीबी मशीन की मदद से वाहन निकाला जा सका बाहर
◾ बेतालघाट – रामनगर मोटर मार्ग पर पापड़ी क्षेत्र का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पर्वतीय क्षेत्र में बारिश आफत बनकर बरस रही है। बेतालघाट – रामनगर मोटर मार्ग पर उफान में आए बरसाती नाले में एक कार के फंसने से हड़कंप मच गया। वाहन में बैठे लोगों ने बामुश्किल वाहन से उतर कर जान बचाई। बाद में स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला। इस दौरान काफी देर आवाजाही भी ठप रही।
बेतालघाट – रामनगर मोटर मार्ग पर पापड़ी क्षेत्र के समीप धमनी बरसाती नाला एकाएक उफान में आ गया। नाले के बहाव के साथ बहकर आए मलबे से आवाजाही कर रहा एक वाहन नाले के बीचोबीच फंस गया। वाहन के फंसने से वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। जिंदगी बचाने को वाहन में सवार लोग तेजी से वाहन से बाहर की ओर उतरे और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। नाले का उफान तेज होने से मोटर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया गया। मशीन की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद नाले में फंसे वाहन को बाहर निकाला जा सका। वेग कम होने तथा मलबा हटाए जाने के बाद बामुश्किल यातायात सुचारु हुआ।
