◾ डोर स्टेप डिलीवरी के तहत मिलेगा आप्टिमाइजेशन योजना का लाभ
◾ दुकानों के समीपवर्ती गोदाम से ही उपलब्ध होगा राशन
◾अल्मोड़ा जनपद की बारह दुकानें बेतालघाट ब्लॉक के मझेडा़ गोदाम से हुई संबद्ध
◾ सरकार को होगी राजस्व की बचत तो कोटेदारों का बचेगा समय
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

गांव में सरकारी राशन वितरित करने वाले कोटेदारों के लिए खुशखबरी है। गांवों से राशन लेने को कोटेदारों को सूदूर गोदामों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। अब कोटेदारों को विशेष योजना के तहत नज़दीक राशन गोदाम से राशन उपलब्ध हो जाएगा। महत्वाकांक्षी योजना के तहत पहले चरण में अल्मोड़ा जनपद के ताड़ीखेत ब्लॉक की करीब बारह दुकानों को बेतालघाट ब्लॉक के मझेडा़ गोदाम से संबद्ध कर दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक बेतालघाट अनीता पंत के अनुसार कोटेदारों को राशन भी उपलब्ध कराया जा चुका है।

दरअसल गांवों में उपभोक्ताओं को सरकारी राशन के वितरण का जिम्मा कोटेदार संभाले है। गोदामों से राशन उठाने के बाद गांवों में वितरित किया जाता है। कोटेदार वाहन लेकर गोदाम पहुंचते और राशन गांव को ले जाते जिसमें उन्हें वाहन का किराया दिया जाता। गांवों से गोदाम की अधिक दूरी होने से काफी अधिक भुगतान करना पड़ता जिसमें सरकार को काफी नुकसान उठाना पड़ता। अब सरकार ने नुकसान कम करने तथा कोटेदारों की सुविधा को देख डोर स्टेप डिलीवरी के तहत ऑप्टिमाइजेशन योजना तैयार की है। योजना के तहत अब गोदाम के समीपवर्ती कोटेदारों को नजदीकी गोदाम से ही राशन उपलब्ध हो सकेगा। जिसमें कोटेदार को अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी वही सरकार को भी राजस्व की बचत होगी। खास बात यह है कि इस योजना में जनपद की शर्त आड़े नहीं आएगी किसी भी दूसरे जनपद के कोटेदार को नजदीकी राशन गोदाम से राशन उपलब्ध करवाया जाएगा इसी के तहत अल्मोड़ा जनपद के ताड़ीखेत ब्लॉक की काकडीघाट, ईनाड़, सूरी, गडस्यारी, सिद्धपुर, नौगांव, जनता, मटेला, चौना, खान, डूंगरा समेत बारह राशन की दुकानों को नैनीताल जनपद के बेतालघाट ब्लॉक स्थित मझेडा़ राशन गोदाम से संबद्ध कर दिया गया है।बकायदा पहले चरण में कोटेदारों को राशन भी मुहैया कराया जा चुका है। पूर्ति निरीक्षक बेतालघाट अनीता पंत के अनुसार ताडी़खेत ब्लॉक की बारह दुकानों मझेड़ा स्थित गोदाम से राशन उपलब्ध कराया जा चुका है। आसपास के कुछ और दुकानों को गोदाम से संबद्ध करने के लिए कार्य किया जा रहा है रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

error: Content is protected !!