◾बारिश से दरकी पहाड़ी ने जहां तहां क्षतिग्रस्त कर डाली सड़क
◾जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हुए ग्रामीण व स्कूली नौनिहाल
◾ग्रामीणों ने उठाई आमदा मद से सड़क की मरम्मत की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवो को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रातीघाट बुधलाकोट मोटर मार्ग को बीते दिनों हुई बारिश ने भारी नुकसान पहुंचा दिया है। मोटर मार्ग से सटी पहाड़ी से जगह जगह हुए भूस्खलन से नवनिर्मित मोटर मार्ग बंद से बद्तर हालत में पहुंच चुका है। कई जगह किए गए निर्माण कार्य ध्वस्त हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने नुकसान का सर्वे कर आपदा मद के बजट से मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता के अनुसार सड़क को लगभग 14 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। मरम्मत को प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
हाइवे से रातीघाट, बुधलाकोट, जाख, गरजोली, बारगल, कफूल्टा समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रातीघाट बुधलाकोट मोटर मार्ग का लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया गया। डामरीकरण के बाद अभी मोटर मार्ग के कुछ हिस्सों में निर्माण कार्य गतिमान ही था की बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश ने मोटर मार्ग को नुकसान पहुंचा दिया है। मोटर मार्ग से सटी पहाड़ी से जगह जगह हुए भारी भूस्खलन से गिरे मलबे व पत्थरों ने निर्माण कार्यों तक को ध्वस्त कर डाला है। हालांकि सड़क पर आवाजाही सुचारु है पर गांवों के बाशिंदे व स्कूली नौनिहाल जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। स्थानीय तारा भंडारी, जीवन चंद्र, पूरन सिंह, गोधन सिंह बर्गली, नरेश बिष्ट ने आपदा मद से बजट उपलब्ध करा महत्वपूर्ण मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता के अनुसार भूस्खलन से सड़क को की जगह नुकसान पहुंचा है। लगभग 14 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। मरम्मत को प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।

error: Content is protected !!