◾वाहन चालक व राहगीर, स्कूली बच्चे परेशान
◾ कलमठ व बरसाती नाली के बंद होने से खडी़ हुई दिक्कत
◾ स्थानीय ग्रामीणों ने उठाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर जलभराव बडी समस्या बन चुकी है। वाहन चालकों व राहगीरों तथा स्कूली बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलमठ बंद होने से बरसाती पानी का रुख स्थानीय व्यापारी के आवासीय मकान की ओर होने से भविष्य में भूधंसाव का खतरा भी बढ़ गया है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे के साथ ही महत्वपूर्ण रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे भी जलभराव की जद में हैं। भुजान बाजार क्षेत्र के समीप जलभराव से वाहन चालकों, राहगीरों तथा स्कूली नौनिहालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ है। बरसाती नाली की सफाई न होने तथा कलमठ बंद होने से पानी स्टेट हाईवे पर ही जमा हो जा रहा है। निकासी न होने से पानी अब इधर उधर भी रुख करने लगा है। स्थानीय व्यापारी पान सिंह के अनुसार कलमठ बंद होने से पानी अब घर की ओर घुसने लगा है जिससे भूधंसाव का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। स्टेट हाईवे पर जल भराव की समस्या से सड़क को नुकसान होने का अंदेशा है। कई बार व्यवस्था में सुधार की मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। स्थानीय बालम सिंह, पुष्कर सिंह, दलिप सिंह, विरेंद्र सिंह, पूरन सिंह, भवान सिंह आदि ने बंद कलमठ खोलने के साथ ही बरसाती नाली निर्माण की पुरजोर मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
