◾ लोहाली क्षेत्र में पत्थरों की चपेट में आने से बचा बाइक सवार
◾रुक रुक कर पत्थर गिरने से कई बार प्रभावित हुआ यातायात
◾ व्यापारियों ने उठाई लोहाली क्षेत्र में एनएच कर्मियों की तैनाती की मांग
◾ भुजान – बेतालघाट मोटर मार्ग पर चडूयूला क्षेत्र में भी हुई पत्थरों की बरसात
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बारिश के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर अतिसंवेदनशील पहाड़ीयों से लगातार पत्थर गिरते रहे। गनीमत रही की कोई वाहन चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। रुक रुक कर पत्थर गिरने से दिनभर में कई बार यातायात प्रभावित हुआ।
बारिश में पहाड़ी मार्गो पर खतरा कई गुना बढ़ जा रहा है। महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर पाडली, दोपांखी, भोर्या बैंड तथा लोहाली क्षेत्र में खतरा दोगुना बढ़ गया है। बारिश के साथ ही पहाड़ियों से पत्थर हाइवे तक पहुंच जा रहे हैं। गुरुवार को सुबह से ही बारिश होने से हाइवे पर जगह जगह पत्थर गिरते रहे। अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी से भी पत्थर गिरते रहे। दोपहर में बाइक सवार पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से बच गया। पत्थर गिरने से आवाजाही भी ठप हो गई। वाहन चालकों ने भी वाहन रोक लिए। कुछ देर बाद पत्थरों के गिरने का क्रम थमने के बाद यातायात सुचारु हुआ। वाहन चालक जान जोखिम में डाल आवाजाही करते रहे। एनएच कर्मी मोहन गोस्वामी व भीम सिंह ने जेसीबी मशीन से हाइवे पर गिरे पत्थर हटवाए। व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, दीवान सिंह, संजय सिंह, नंदन सिंह, विक्रम सिंह आदि ने बेहद खतरनाक लोहाली क्षेत्र में एनएच कर्मियों की देखरेख में आवाजाही संचालित करवाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। इधर रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे से ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण भुजान – बेतालघाट मोटर मार्ग पर चडयूला क्षेत्र में दिन भर पहाड़ी से पत्थर गिरने से खतरा बढ़ गया है।

error: Content is protected !!