◾पशुपालक भी प्रभावित, प्रशासन की टीम नुकसान के आंकलन में जुटी
◾ पलक झपकते ही रोखड़ में तब्दील हो गई फल उत्पादक पट्टी
◾एसडीएम पहुंचे गांव लिया हालातों का जायजा
◾आसमान में बादल की गर्जना से सिहर जा रहे क्षेत्र के बासिदे
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
हली गांव में घुसे मलबे ने पल भर में फल उत्पादक पट्टी को रोखड़ में तब्दील कर दिया है। सैकड़ों आडू के पेड़ जमींदोज होने से बागबानों को भारी नुकसान हुआ है तो वहीं मवेशियों के मारे जाने से पशुपालक भी परेशान हैं। आवासीय मकान भी मलबे से पटे है। राजस्व विभाग की टीम नुकसान के आंकलन में जुट गई है। पंचायत प्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा विभिन्न राजनैतिक व गैर-राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने क्षति का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।
बीते मंगलवार को रामगढ़ ब्लॉक के हली गांव में तितोली मोटर मार्ग के मलबे ने तबाही मचा दी। गांव के बीचों बीच से घुसे मलबे ने भारी कहर बरपाया है। मलबे के सैलाब ने जहां चार मवेसियो की जान ले ली वहीं सैकड़ों आडू के पेड़ नेस्तनाबूत कर दिए। आवासीय मकानों में भी मलबा भरा हुआ है। तितौली गांव की सड़क से आए मलबे, पत्थरों से पूरा गांव पटा पड़ा है। स्थानीय किसान गोधन सिंह बिष्ट के अनुसार विभागीय लापरवाही गांव पर कहर बनकर टूटी है। लगातार मलबे का निस्तारण कर गांव को बचाने की गुहार लगाई गई पर कोई सुनवाई न हो सकी और आज अनदेखी का परिणाम सामने आ गया। ग्रामीणों के अनुसार किसानो, पशुपालको तथा स्थानीय लोगों को आपदा से लगभग सत्तर लाख रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचा है। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज पडलिया, शेखर दानी, ललित मोहन, लाभांशु सिंह,विरेंद्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, राकेश जलाल, दीवान सिंह, गोधन सिंह, संजय सिंह आदि ने आपदा प्रभावित लोगों को क्षति का उचित मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
आसमान में बादल की गर्जना से सिहर जा रहे क्षेत्र के बासिदे
मंगलवार को मूसलाधार बारिश के बीच भारी मलबे ने गांव के ओर रुख किया तब गांव के वासिदों को रत्ती भर आभास नहीं था की मलबा तेजी से गांव तक पहुंच जाएगा। मलबे के साथ बहकर आए पत्थरों की गड़गड़ाहट सुन लोग घरों से बाहर निकल आए। हो हल्ले के साथ जान बचाकर लोग इधर उधर भागे। स्थानीय लोगों के अनुसार पलभर में ही मलबे ने गांव को रोखड़ में तब्दील कर दिया। आसमान में बादलों की गर्जना से क्षेत्र के लोग दहशत में आ जा रहे हैं।
एसडीएम पहुंचे गांव लिया हालातों का जायजा
उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली पारितोष वर्मा ने बुधवार को आपदा प्रभावित हली गांव का दौरा कर हालातों का जायजा लिया। कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीणों से नुकसान की जानकारी जुटाई। राजस्व उपनिरीक्षक शकील अहमद तथा कानूनगो नरेश असवाल से नुकसान की सर्वे कर जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उपजिलाधिकारी ने आपदा प्रभावितों को उचित मुआवजे का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों व विभागीय टीम के साथ खेत, मकानों के साथ ही सड़क का भी जायजा लिया। गांव के बासिदों ने भविष्य की सुरक्षा को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई। एसडीएम ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
