◾ बारिश का पानी लोगों की दुकानों व घरों में घुसा
◾ कलमठ व नाली न खोले जाने से खडी़ हुई मुसीबत
◾अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर स्थानीय लोगों ने जताया रोष
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
आखिरकार अफसरों की लापरवाही गरमपानी खैरना क्षेत्र के बासिदों को भारी पड़ ही गई। भारी बारिश के बीच कई घर व दुकानें जलमग्न हो गई। लोगों का काफी सामान खराब हो गया। कीचड़ व मलबा भरने से लोग परेशान रहे। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों की लापरवाही पर गहरा रोष जताया।
मंगलवार को हुई बारिश ने आफत खड़ी कर दी। मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव हो गया। लगातार स्थानीय लोग कलमठ व बरसाती नाली को खोलने की मांग उठाते रहे पर कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ा। बारिश का पानी लोगों के घरों व दुकानों में जा घुसा। लोगों का काफी सामान खराब हो गया। लगातार बारिश व घरों तथा दुकानों में पानी घुसने से हड़कंप मचा रहा। लोग पानी साफ करने में जुटे रहे। बारिश बढ़ने के साथ ही दहशत और बढ़ गई। स्थानीय व्यापारियों व क्षेत्रवासियों ने अफसरों की लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई। कहा कि लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद अनदेखी की गई जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ा है। साफ कहा कि लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
