◾एक घंटे हाइवे पर थमी रही रफ्तार, बामुश्किल सुचारु हुआ यातायात
◾ दिन भर पत्थर गिरने से मंडराता रहा खतरा
◾जान जोखिम में डाल यात्री करते रहे आवाजाही
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
लगातार बारिश से अब अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटी कमजोर पहाड़ियां दरकने लगी है। अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी से भूस्खलन होने से मलबा व पत्थर हाइवे तक पहुंच गए। गनीमत रही की कोई यात्री वाहन चपेट में नहीं आया और बडा़ हादसा टल गया। एनएच कर्मियों ने लोडर मशीन से मलबा हटाया तब जाकर बामुश्किल यातायात सुचारू हुआ। दिन भर पहाड़ी से मलबा व पत्थरों के गिरने का क्रम जारी रहा।
बारिश से अब हाइवे पर खतरा बढ़ गया है। भोर्या बैंड क्षेत्र में भूस्खलन के बाद शनिवार को अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी से मलबा व पत्थर हाइवे तक पहुंचने से आवाजाही भी ठप हो गई। लगातार पत्थर गिरने से कई यात्री वाहन व बाइक सवार चपेट में आने से बाल बाल बच गए। हाइवे पर आवाजाही ठप होने से दोनों ओर छोटे बडे़ वाहनों की कतार लग गई। जल्दी निकलने के फेर में कई वाहन चालकों ने वाहन दरकती पहाड़ी के नीचे तक पहुंचा दिए।सूचना चौकी पुलिस खैरना तथा एनएच प्रशासन को भेजी गई। चौकी से एएसआई गिरीश चन्द्र टम्टा व राजेंद्र सती मौके पर पहुंचे तथा खतरनाक पहाड़ी के ठीक नीचे खड़े वाहन चालकों को कड़ी फटकार लगाई। एनएच कर्मियों ने लोडर मशीन की मदद से मलबा व पत्थर हटाने की कार्य शुरु किया पर लगातार पत्थर गिरने से लोडर चालक को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पडा़। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल मलबा व पत्थर हटा हाइवे पर यातायात सुचारु किया जा सका। पहाड़ी से दिन भर पत्थर व मलबा गिरता रहा। खतरे के बीच आवाजाही सुचारु रही।
