◾ अयोध्या से केदारनाथ तक का पैदल सफर है लक्ष्य
◾ कैंची धाम में बाबा के दर पर मत्था टेक पहुंचा कोसी घाटी
◾बारिश भी नहीं रोक पा रही सुनील के कदम

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

युवाओं में ईश्वर के प्रति आस्था जगाने तथा देश में शांति व सौहार्द का संदेश देने को 23 वर्षीय युवा अयोध्या से करीब 750 किमी की पैदल यात्रा पर निकल पड़ा है। केदारनाथ धाम तक यात्रा पूरी करने के बाद अमरनाथ तक की यात्रा भी पूरी करना लक्ष्य रखा है। कोसी घाटी पहुंचने पर व्यापारियों ने पैदल दूरी पर निकले युवा का स्वागत किया। कुछ देर रुकने के बाद बारिश में ही युवा आगे की यात्रा पर निकल गया।

उत्तर प्रदेश के जयविजय गांव जिला बस्ती निवासी सुनील यादव देश की युवा पीढ़ी में ईश्वर के प्रति आस्था जगाने तथा देश की सुख, समृद्धि की कामना के साथ लगभग 750 किमी की पैदल यात्रा पर निकला है। शनिवार को सुनील अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित कैंची धाम में बाबा नीम करौली के धाम में मत्था टेकने के बाद कोसी घाटी स्थित गरमपानी क्षेत्र पहुंचा। सुनील के अनुसार अयोध्या से भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेकर बाबा केदार के धाम तक पैदल यात्रा का संकल्प लिया है। उसके बाद अमरनाथ तक की यात्रा का लक्ष्य तय किया है। सुनील बताते हैं की अब तक लगभग 350 किमी की दूरी तय कर ली है। कहा की आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में युवाओं की ईश्वर के प्रति आस्था कम होते जा रही है जबकि भगवान पूरी सृष्टि को संचालित कर रहे हैं। क्षेत्र के व्यापारी मनोज नैनवाल, फिरोज अहमद, विरेंद्र सिंह, मनीष तिवारी ने सुनील का स्वागत किया। बाद में सुनील बारिश के बाद भी आगे की यात्रा पर निकल पड़ा।

error: Content is protected !!