◾मजदूरों के सत्यापन की उठाई पुरजोर मांग
◾ हीलाहवाली पर सड़क पर उतरने का ऐलान
◾राजस्व उपनिरीक्षक बोले – लगातार चलाया जा रहा सत्यापन अभियान
◾किराएदारों का सत्यापन न करवाने पर मकान स्वामियों पर होगी कार्रवाई
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर स्थित भुजान क्षेत्र में एकाएक बाहरी क्षेत्रों से श्रमिकों की आवाजाही बढ़ने पर व्यापारियों ने श्रमिकों का समय रहते सत्यापन कराने जाने की मांग उठाई है। हीलाहवाली पर सड़क पर उतरने की चेतावनी भी दी है। राजस्व उपनिरीक्षक के अनुसार लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। साफ कहा की सत्यापन न कराने पर भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्टेट हाईवे पर स्थित भुजान क्षेत्र में इन दिनों बाहरी क्षेत्रों से पहुंचे श्रमिकों की संख्या में भारी इजाफा हो गया है। बाहरी क्षेत्रों से पहुंचे श्रमिकों ने भुजान क्षेत्र में डेरा जमा लिया है। ऐसे में स्थानीय व्यापारियों आंशकित है। व्यापारियों ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने को समय पर श्रमिको का सत्यापन कराने जाने की पुरजोर मांग उठाई है। व्यापारी नेता सुनील मेहरा के अनुसार कुछ दिन पूर्व ही मोबाइल चोरी की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में मजदूरों का सत्यापन होना आवश्यक है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह खनायत, संजय सिंह, विजय सिंह, अभिजीत सिंह, संदीप सिंह, राम सिंह आदि ने प्रशासन से सत्यापन अभियान में तेजी लाने की मांग की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। राजस्व उपनिरीक्षक गोपाल सिंह बोहरा के अनुसार सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। एक सप्ताह के भीतर यदि छूटे लोगों ने सत्यापन नहीं कराया तो फिर भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
