◾ पूजा अर्चना के साथ जोशीखोला में रामलीला का श्रीगणेश
◾ गांव की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में निकाली कलश यात्रा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित जोशीखोला गांव में ग्रीष्मकालीन रामलीला मंचन का विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ श्रीगणेश हो गया। पूर्व संध्या पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में कलश यात्रा निकाली। भगवान राम की जयकारों से समूचा माहौल गुंजायमान हो उठा।
जोशीखोला गांव में ग्रीष्मकालीन रामलीला मंचन का शुभारंभ संत रवि शंकर महाराज व रामलीला कमेटी अध्यक्ष शिवदत्त जोशी ने संयुक्त रूप से किया। पहले दिन नारद मोह, शिव तपस्या तथा राम जन्म का मंचन किया गया। रावण की भूमिका शंकर जोशी जबकि नारद की भूमिका लक्षिता जोशी ने निभाई। कुंभकरण आनंद सती व विभिषण हेम पांडे ने भी शानदार अभिनय किया। इससे पूर्व रामलीला मंचन परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई। धर्माचार्य रमेश तिवारी ने यजमानों से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। गांव की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कोसी नदी से जल लेकर मुख्य बाजार होते हुए बेतालेश्वर मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। भगवान राम के जयकारों से समूची कोसी घाटी गुंजायमान हो उठी। इस दौरान कोषाध्यक्ष आंनद बल्लभ पांडे, चंद्रमणी सती, गोविंद बल्लभ पांडे, ग्राम प्रधान रीता तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गीता जोशी, रेखा जोशी, लता जोशी, तुलसी पांडे आदि मौजूद रहे।
